19/08/2026
आगरा में ट्रैफिक पुलिस का कड़ा एक्शन: भारी चालान वाले वाहन होंगे ब्लैकलिस्ट, आरटीओ को सौंपी गई लिस्ट
ताजनगरी में ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों की अब खैर नहीं है। आगरा ट्रैफिक पुलिस और संभागीय परिवहन विभाग (RTO) ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़क हादसों पर लगाम कसने के लिए शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हाल ही में ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे लापरवाह वाहनों की सूची आरटीओ को सौंप दी है, जिन पर 20 से अधिक (और कई मामलों में 50 से 100 से ज्यादा) ट्रैफिक चालान पेंडिंग बोल रहे हैं।
स्मार्ट सिटी कैमरों की नजर और बढ़ता शिकंजा :
शहर के विभिन्न चौराहों पर लगे स्मार्ट सिटी के हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों की पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। कई वाहन चालक ऐसे हैं जिनके चालान की कुल राशि उनकी गाड़ी की मौजूदा बाजार कीमत से भी अधिक हो चुकी है। बिना हेलमेट गाड़ी चलाना, रेड लाइट जंप करना, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करना और सीट बेल्ट न लगाना जैसी लापरवाहियों के चलते लगातार ई-चालान कट रहे हैं। बार-बार नियम तोड़ने वाले ऐसे सैकड़ों वाहनों को अब परिवहन विभाग द्वारा 'ब्लैक लिस्ट' (काली सूची) में डालने और उनके रजिस्ट्रेशन (आरसी) व ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
जिला प्रशासन की सख्त गाइडलाइंस :
जिला प्रशासन और सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शहर की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही पेट्रोल पंपों पर 'नो हेलमेट नो पेट्रोल' के नियम को भी पूरी कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि दोपहिया वाहन चालक शुरुआती स्तर पर ही सतर्क हो जाएं। प्रशासन की इस कड़ी कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।
, , , , ,