03/02/2026
महोबा के प्राचीन सूर्य मंदिर में होगा ‘अंतरिक्ष दर्शन’ कार्यक्रम
महोबा।
सदियों पुरानी सूर्य उपासना और वैज्ञानिक स्थापत्य की विरासत को संजोए महोबा का प्राचीन सूर्य मंदिर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का केंद्र बनने जा रहा है। सूर्य महोत्सव के अंतर्गत “अंतरिक्ष दर्शन (Antriksh Darshan)” नामक विशेष खगोलीय कार्यक्रम का आयोजन 11 से 14 फरवरी 2026 तक सूर्य मंदिर परिसर में किया जाएगा।
यह आयोजन जिला प्रशासन, महोबा द्वारा SPACE India और Astrotourism India के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की प्राचीन सौर परंपराओं, वैज्ञानिक विरासत और आधुनिक खगोल विज्ञान को एक साथ प्रस्तुत करना है।
आयोजन के दौरान आमजन और विद्यार्थियों के लिए तारामंडल दर्शन, प्लेनेटेरियम शो, सुरक्षित सूर्य अवलोकन, खगोल विज्ञान से जुड़े व्याख्यान एवं शैक्षिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इसके माध्यम से मानव सभ्यता की सूर्य संबंधी समझ और वैज्ञानिक विकास की यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम यह संदेश देता है कि ऐतिहासिक धरोहरें केवल सांस्कृतिक आस्था के स्थल ही नहीं, बल्कि वैज्ञानिक अध्ययन और जन-जागरूकता के प्रभावी केंद्र भी बन सकती हैं।