29/10/2025
कल गढ़वाल मंडल में नहीं चलेंगी बसें, टैक्सियां और ट्रक
जरूरी काम हो तो पहले से करें वैकल्पिक इंतजाम
10 सूत्रीय मांगों को लेकर वाहन स्वामी आंदोलन पर
देहरादून। उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल में कल बुधवार, 29 अक्टूबर को सार्वजनिक और निजी परिवहन सेवाएं पूरी तरह ठप रहेंगी। बस, जीप, टैक्सी, मैक्सी और ट्रक चालक एवं स्वामी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिन की संपूर्ण हड़ताल पर रहेंगे। गढ़वाल मंडल के देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों में इस हड़ताल का सीधा असर आम लोगों की आवागमन और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ेगा। निजी परिवहन कंपनियों से जुड़े वाहन स्वामी लंबे समय से सरकार से आर्थिक राहत और नीतिगत सुधार की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि वाहनों की फिटनेस जांच लालतप्पड़ में कराए जाने, मनमाने शुल्क, बढ़े हुए टैक्स और बीमा राशि ने उनका व्यवसाय संकट में डाल दिया है। वाहन स्वामियों की प्रमुख मांगों में सरकार से आर्थिक सहायता और टैक्स में छूट देने, वाहनों की फिटनेस जांच स्थानीय एआरटीओ या आरटीओ कार्यालय में ही कराने की व्यवस्था दोबारा लागू करने, लालतप्पड़ फिटनेस सेंटर के निजी ठेके को समाप्त करने, वाहनों की बीमा राशि घटाने और निजी वाहनों से सवारी ढोने पर रोक लगाने की मांग शामिल है। परिवहन व्यवसायियों का कहना है कि लालतप्पड़ में फिटनेस जांच के नाम पर हो रही मनमानी और सरकारी उदासीनता के चलते उन्हें मजबूर होकर हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा है। कल बुधवार को पूरे गढ़वाल मंडल में बसें, टैक्सियां, मैक्सी और ट्रक सड़कों पर नहीं उतरेंगे। इससे ऑफिस, स्कूल, अस्पताल, बाजार और लंबी दूरी के यात्रियों को परेशानी हो सकती है। खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई पर भी असर पड़ने की संभावना है। कल यदि बहुत जरूरी न हो तो यात्रा टाल दें या पहले से वैकल्पिक इंतजाम कर लें। ताकि किसी असुविधा या परेशानी का सामना न करना पड़े।