26/05/2026
करनाल के गांव डाबरथला में मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर पूरे परिवार पर हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी सहित चार बेटियां घायल हो गईं। सभी को अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कई गंभीर चोटें पाई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 8 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव डाबरथला निवासी सोनिया पत्नी मनोज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कल शाम करीब 7 बजे वह समर्सीबल पर कपड़े धोने गई थी। इसी दौरान उसकी हसीना खातून और जमीला के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद वह करीब 7:45 बजे वापस अपने घर आ गई।सोनिया के अनुसार रात करीब 8:15 बजे असगर अली, अख्तर अली, साहिल, साजिद, फिरदौस, हसीना, जमीला और सुरेखा एक साथ डंडे लेकर उनके घर में घुस आए। सभी ने मिलकर उसके पति मनोज कुमार, बेटियों जीनत, जन्नत, सना और उसे बुरी तरह पीटा।
आरोप है कि अख्तर अली ने जन्नत के सिर में लोहे की पाइप मारी, जबकि असगर अली, साहिल और साजिद ने बेटियों को डंडों से पीटा, जिससे उनके सिर में चोटें आईं और खून बहने लगा।घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल रिपोर्ट में कई चोटें दर्ज की गईं। जन्नत के सिर पर 2 सेंटीमीटर की गहरी चोट पाई गई और खोपड़ी का एक्स-रे व सर्जरी की सलाह दी गई। सोनिया के शरीर पर पांच चोटें पाई गईं, जिनमें पैर, कूल्हे, हाथ और सिर पर दर्द व सूजन शामिल है। सना के हाथ में चोट मिली, जबकि जन्नत के शरीर पर खरोंच और पीठ पर कई निशान पाए गए।पुलिस चौकी नीलोखेड़ी में शिकायत दी गई। जिसके बाद 23 मई की रात को ही मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर असगर अली, अख्तर अली, साहिल, साजिद, फिरदौस, हसीना, जमीला और सुरेखा के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने और चोट पहुंचाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।