01/05/2021
अच्छी पहल: झारखंड को टॉपर देने वाला नेतरहाट स्कूल कोरोना मरीजों के लिए 300 बेड देगा, बीते एक साल से धूल फांक रहे आवासीय स्कूलों के संसाधनों के सही उपयोग को लेकर नेतरहाट स्कूल ने पेश की मिसाल :
झारखंड को अधिकांश टॉपर देने वाले नेतरहाट आवासीय स्कूल ने एक बार फिर मानवता की रक्षा के लिए बड़ी और नेक पहल की है. कोरोना संक्रमण को देखते हुए नेतरहाट आवासीय विद्यालय ने राज्य सरकार को कोविड अस्पताल खोलने में मदद करने का प्रस्ताव दिया है. नेतरहाट आवासीय विद्यालय के प्राचार्य एसके सिंह ने सरकार से अपील की है कि सरकार अगर कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए कोविड अस्पताल खोलती है, तो नेतरहाट स्कूल की ओर से बेड, गद्दा और मच्छरदानी उपलब्ध कराया जायेगा.
नेतरहाट स्कूल की ओर से करीब 300 बेड अस्पताल के लिए दिए जा सकेंगे. कोरोना के मामले कम होने के बाद सरकार उन्हें वापस कर सकती है. प्राचार्य एसके सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव राजेश शर्मा से अपील की है कि कोरोना संक्रमण काल में नेतरहाट आवासीय विद्यालय के बेड समेत अन्य संसाधनों का उपयोग किया जाये. स्कूल की ओर से ही, जहां अस्पताल बनेंगे, वहां तक ये संसाधन पहुंचा दिए जायेंगे. बता दें कि राज्य के कई आवासीय विद्यालय है, जहां बेड समेत अन्य संसाधन बीते एक वर्ष से कोरोना और लॉकडाउन की वजह से धूल फांक रहे है. ऐसे में इन संसाधनों का उपयोग कोरोना मरीजों के इलाज के लिए किया जा सकता है.