15/02/2026
वैलेंटाइन डे पर पटना झूमा, पंजाबी-बॉलीवुड सिंगर अखिल के लाइव कॉन्सर्ट ने बांधा समां
कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने किया शुभारंभ, मिलर हाई स्कूल मैदान बना संगीत का महासागर
पटना।
वैलेंटाइन डे के अवसर पर राजधानी पटना ने शनिवार को एक ऐतिहासिक और यादगार संगीत संध्या का साक्षी बना। पहली बार पंजाबी-बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक अखिल का भव्य लाइव कॉन्सर्ट मिलर हाई स्कूल मैदान, दरोगा राय पथ में आयोजित हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में युवाओं और संगीत प्रेमियों की भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार के कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन पटना की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई देते हैं और युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं।
शाम 5 बजे से शुरू हुआ यह म्यूजिकल सेलिब्रेशन रात 9 बजे तक जोश और उत्साह से सराबोर रहा। जैसे ही अखिल मंच पर आए, दर्शकों ने तालियों और हूटिंग के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने अपने सुपरहिट गीत ‘ख्वाब’, ‘लाइफ’, ‘ज़िंदगी’ और ‘तेरा प्यार’ समेत कई लोकप्रिय गानों की लाइव प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शक झूम उठे। हाई-एनर्जी स्टेज परफॉर्मेंस, अत्याधुनिक लाइटिंग इफेक्ट्स और लाइव बैंड के साथ यह शाम सचमुच प्यार और संगीत का उत्सव बन गई।
आयोजक चंदन श्रीवास्तव ने कहा कि “वैलेंटाइन्स ख्वाब का उद्देश्य पटना के दर्शकों को इंटरनेशनल-लेवल का म्यूजिकल अनुभव देना था, और आज की भीड़ और उत्साह ने साबित कर दिया कि यह प्रयास सफल रहा।” आयोजन समिति के सदस्य बिपुल कुमार ने भी इसे पटना के म्यूजिक इवेंट्स के इतिहास में एक नया अध्याय बताया।
कपल्स, युवाओं और म्यूजिक लवर्स के लिए यह कॉन्सर्ट एक परफेक्ट वैलेंटाइन गिफ्ट साबित हुआ। पूरा मैदान मोबाइल फ्लैशलाइट्स की रोशनी से जगमगा उठा और हर गीत के साथ दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा।
इस सफल आयोजन ने यह संकेत दे दिया है कि पटना अब बड़े संगीत कार्यक्रमों के लिए पूरी तरह तैयार है और आने वाले समय में राजधानी में ऐसे और भी भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की संभावनाएं प्रबल हैं।